वाशिंगटन, 9 फरवरी (आईएएनएस)। न्यूयार्क में अपने घर जा रहे सिख अमेरिकी अभिनेता और डिजाइनर वारिस आहलुवालिया का कहना है कि उन्हें मेक्सिको में इसलिए विमान में चढ़ने से मना कर दिया गया, क्योंकि उन्होंने सुरक्षा जांच के दौरान अपनी पगड़ी उतारने से मना कर दिया।
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार आहलुवालिया ने कहा कि वह सोमवार को मेक्सिको सिटी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर करीब सुबह 5.30 बजे एरोमेक्सिको काउंटर पर पहुंचे और उन्हें बोर्डिंग पास दिया गया, जिसके बाद उन्होंने दूसरी सुरक्षा जांचों की मांग की।
आहलुवालिया ने कहा कि जब उन्हें न्यूयार्क सिटी जाने के लिए विमान 408 की ओर जाने का रास्ता दिखाया गया, तो एक कर्मचारी ने रोक कर अन्य यात्रियों के चढ़ने तक इंतजार करने के लिए कहा।
सभी यात्रियों के विमान में चढ़ने के बाद आहलुवालिया के पैर और बैग की जांच की गई और इसके बाद उन्हें स्वेटशर्ट और पगड़ी निकालने के लिए कहा गया।
आहलुवालिया ने कहा, “मैंने जब पगड़ी निकालने से मना किया, तो मुझे विमान में चढ़ने से मना कर दिया गया।”
अभिनेता ने बताया कि एक अन्य एयरलाइन सुरक्षा अधिकारी ने उनसे कहा कि जब तक वह सुरक्षा मांगों को पूरा नहीं कर देते, तब तक वह किसी भी विमान में नहीं जा सकते।
आहलुवालिया से जब पूछा गया कि उन्होंने पगड़ी क्यों नहीं उतारी, तो उन्होंने कहा, “यह मेरे विश्वास का प्रतीक है। मैं जब भी सार्वजनिक स्थान पर जाता हूं, इसे पहनता हूं।”
एयरलाइन द्वारा सोमवार को जारी बयान में कहा गया कि अहलूवालिया की सुरक्षा जांच परिवहन सुरक्षा प्रशासन प्रोटोकॉल के प्रावधान के तहत थी।
dharmpath.com dharmpath