नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। योग गुरु बाबा रामदेव की संस्था पतंजलि ने सोमवार को आधिकारिक रूप से आटा नूडल्स बाजार में उतार दिया। इसकी कीमत 15 रुपये रखी गई है।
मैगी की बाजार में वापसी के एक सप्ताह बाद बाबा रामदेव ने अपना यह उत्पाद बाजार में पेश कियाा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा नियामक ने तय खाद्य मानकों पर मैगी के खरा नहीं उतरने पर इस पर पाबंदी लगा दी थी। हालांकि बाद में फिर से हुई जांच में इसे मानकों के अनुरूप पाया गया, जिसके बाद पिछले सप्ताह ही मैगी को बाजार में फिर से उतारने की अनुमति दे दी गई।
आटा नूडल्स को बाजार में पेश कर पतंजलि ने बाजार की खाद्य उत्पाद श्रेणी में भी पदार्पण कर दिया है। इससे पहले पतंजलि ने ट्रॉपिकाना के फलों के जूस, केलॉग के फलों एवं अन्न के मिश्रण (मुसली) और कॉर्नफ्लेक्स, मोंडेलेज की कैडबरी जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनियों को टक्कर देने के लिए घरेलू बाजार में अपने उत्पाद उतारे हैं। इसके साथ ही उसके सौंदर्य प्रसाधन और घरेलू आयुर्वेदिक ब्रांड भी बाजार में पेश हैं।
पतंजलि ने पिछले महीने ही किशोर बियानी के नेतृत्व वाले फ्यूचर समूह के साथ समझौते की घोषणा की थी। इस समझौते के तहत पतंजलि देशभर के 240 शहरों में बिग बाजार और नीलगिरी सुपरमार्केट के जरिये अपने नूडल्स बेचेगी।
dharmpath.com dharmpath