वेलिंगटन, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की एक अदालत ने मंगलवार को भारतीय मूल के एक 29 वर्षीय व्यक्ति को पत्नी की हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
स्टफ डॉट को डॉट एनजेड की रपट के मुताबिक, ऑकलैंड उच्च न्यायालय ने मंदीप सिंह को ऑकलैंड के ए. डब्ल्यू आई इंटरनेशनल एजुकेशन ग्रुप स्कूल में अपनी 22 वर्षीय पत्नी परमिता रानी की हत्या करने और परमिंदर संधू की हत्या का प्रयास करने का दोषी पाए जाने पर यह सजा सुनाई।
न्यायाधीश मार्क वूलफोर्ड ने सिंह के पैरोल की अवधि कम से कम 13 वर्ष निर्धारित की है, जिसके बाद उसे वापस भारत भेज दिया जाएगा।
परमिता रानी और सिंह के बीच वैवाहिक मतभेद थे। सिंह को शक था कि उसकी पत्नी ने संधू के साथ दोस्ती कर ली है।
रानी जैसे ही एक परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकली, सिंह ने स्कूल में ही उस पर हमला कर दिया। संधू ने जब उसे बचाने की कोशिश की तो सिंह ने उसके पीठ में चाकू घोंप दिया, जिससे उसका एक फेफड़ा क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसके साथ ही अदालत ने सिंह को संधू की हत्या के प्रयास में साढ़े आठ साल कारावास की सजा सुनाई है।
सिंह दम्पति की 2013 में शादी हुई थी और सिंह रानी के साथ न्यूजीलैंड एक आश्रित के तौर पर गया था।
इन दिनों वे अपने वीजा के नवीनीकरण की प्रक्रिया में थे।
dharmpath.com dharmpath