मनीला, 2 जून (आईएएनएस)। फिलीपींस के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते पत्रकारों की हत्या पर की गई अपनी विवादास्पद टिप्पणी पर माफी नहीं मांगेंगे। राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने गुरुवार को यह बात कही।
दुतेर्ते के प्रवक्ता साल्वाडोर पनेलो ने फिलीपींस के समाचार चैनल ‘एबीएस-सीबीएन’ को बताया कि माफी का प्रश्न उस स्थिति में उठता है, जब कुछ गलत किया गया हो। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति की टिप्पणियों को गलत ढंग से लिया गया है।
दुतेर्ते 30 जून को देश के राष्ट्रपति का कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि हाल के वर्षो में मारे गए कई पत्रकारों की हत्या इसलिए की गई क्योंकि वे भ्रष्ट थे।
दुतेर्ते ने दक्षिणी दवाओ शहर में संवाददाताओं से कहा था, “आप पत्रकार हैं, केवल इसलिए आपको हत्या से छूट नहीं मिल सकती।”
समाचार एजेंसी ‘एफे न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, गैर सरकारी संगठन ‘रिपोर्टर्स विदाउट बॉडर्स’ (आरएसएफ) ने बुधवार को फिलीपींस के मीडिया से दुतेर्ते प्रशासन के समाचार सम्मेलन का तब तक बहिष्कार करने का आग्रह किया था, जब तक कि वह सार्वजनिक रूप से माफी न मांगें।
आरएसएफ ने साथ ही मीडिया से दुतेर्ते के खिलाफ मुकदमा दायर करने को भी कहा था।
आरएसएफ के एशिया पेसिफिक डेस्क के प्रमुख बेंजमिन इस्माइल ने कहा, “हम मीडिया का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठनों से आग्रह करते हैं कि इस प्रकार की टिप्पणियों को नजरअंदाज न करें और मुकदमा दायर करें।”
उन्होंने कहा, “ये टिप्पणियां न एक राष्ट्रपति की हैसियत की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं, बल्कि इन्हें मानहानि कानून या घृणा और हिंसा भड़काने वाले कानून का उल्लंघन भी माना जा सकता है।”
फिलीपींस के अन्य मीडिया संगठनों, मारे गए पत्रकारों के परिवार के सदस्यों और निवर्तमान सरकार के साथ ही प्रमुख राजनेताओं और वकीलों ने भी दुतेर्ते की आलोचना की है।
स्थानीय राजनेताओं की निंदा करने वाले या भ्रष्टाचार की जांच करने वाले फिलीपीनी पत्रकारों की हत्या देश में आम है।
अंतर्राष्ट्रीय पत्रकार संघ (आईएफजे) के मुताबिक, वर्ष 2015 में देश में सात पत्रकारों की हत्या कर दी गई थी।
आईएफजे ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में कहा है कि 1990 के बाद से पत्रकारों की हत्या के मामले में फिलीपींस दूसरे स्थान पर रहा है। पहले नंबर पर इराक है।
dharmpath.com dharmpath