लॉस एंजेलिस, 18 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी अभिनेता जॉन सी. रेली का मानना है कि इंटरनेट हमारे समय का एक प्रमुख मुद्दा है और उन्होंने कहा कि एनिमेटेड फिल्म ‘राल्फ ब्रेक्स द इंटरनेट’ की मजेदार व रोमांचक कहानी के जरिए इससे जुड़ी चिंताओं को दूर करना रोमांचक अनुभव रहा।
‘राल्फ ब्रेक्स द इंटरनेट’ फिल्म ‘रेक इट राल्फ’ की सीक्वल है, जिसमें दिखाया गया है कि इंटरनेट हर किसी के जीवन को प्रभावित करता है, इसमें ऑनलाइन ट्रोलिंग जैसे गंभीर मुद्दे को भी दर्शाया किया गया है।
जॉन ने कहा, “मुझे याद है कि फिल्म के निर्माताओं के साथ यह एक गंभीर बातचीत रही, जहां मुझे एहसास हुआ कि इंटरनेट हमारे समय का एक प्रमुख मुद्दा है।”
उन्होंने कहा, “इस तकनीक के साथ हमारा रिश्ता, इसकी शक्ति और हमारे ऊपर इसके प्रभाव को हम अभी भी अच्छी तरह से समझ नहीं पाए हैं। यह एक परमाणु बम की तरह ही शक्तिशाली है। लेकिन यह अन्य साधनों का इस्तेमाल करता है।”
अभिनेता ने कहा कि मनोरंजक डिज्नी फिल्म के संदर्भ में कुछ इस तरह के मुद्दों पर बात करना वास्तव में रोमांचक रहा।
रिच मूर और फिल जॉनस्टन निर्देशित ‘राल्फ ब्रेक्स द इंटरनेट’ एक बार फिर राल्फ (जॉन सी.रेली) और उनकी नन्ही साथी वेनलोप वोन स्वीट्ज को वापस ले आया है। सारा सिल्वरमैन ने इसमें आवाज दी है।
इस बार दोनों इंटरनेट की दुनिया की खोज करने के सफर पर निकलते हैं। जहां दोनों को वेनलोप के रेसिंग गेम के लिए रिप्लेसमेंट स्टीयरिंग व्हील मिलने की उम्मीद है। वाल्ट डिज्नी एनिमेशन स्टूडियोज की यह फिल्म भारत में 23 नवंबर को रिलीज होगी।
जॉन को उम्मीद है कि यह एनिमेटेड फिल्म बच्चों का मनोरंजन करेगी और वे फिल्म की कहानी व किरदारों से जुड़ाव महसूस करेंगे।
dharmpath.com dharmpath