तेहरान, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने मंगलवार को कहा कि तेहरान के परमाणु कार्यक्रमों पर अंतिम समझौता सभी पक्षों के लिए लाभकारी होगा और क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा देगा।
सामाचार एजेंसी आईआरएनए की रपट के मुताबिक, उन्होंने तेहरान के मेहराबाद अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में चल रहे एशिया-अफ्रीका सम्मेलन में भाग लेने के लिए रवाना होने से पहले यह बात कही।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा पी5प्लस1 समूह (अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, चीन, रूस और जर्मनी) के साथ परमाणु वार्ता में हमने अच्छी प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि ईरान परमाणु वार्ता जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है और उम्मीद करता है कि दूसरा पक्ष भी आने वाली बैठकों में शेष मुद्दों के समाधान की इच्छा जताएगा।
रूहानी ने कहा कि अंतिम व्यापक परमाणु समझौता सभी पक्षों के लिए हितकर होगा और ईरान और क्षेत्रीय राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाएगा।
इंडोनेशिया की अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति रूहानी विभिन्न देशों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान वे इंडोनेशिया के राष्ट्रपति और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे से भी मुलाकात करेंगे।
dharmpath.com dharmpath