कांसेपसियन (चिली), 28 जून (आईएएनएस)। पराग्वे की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के कोच रामोन डाज ने कोपा अमेरिका के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली अपनी टीम की सराहना की। कोच के मुताबिक उन्हें इस बात की खुशी है कि उनकी टीम तीन बड़ी टीमों के खिलाफ नहीं हारी।
पराग्वे ने शनिवार को ब्राजील को हराते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका सामना अर्जेटीना से होना है। यह मैच मंगलवार को होगा।
पराग्वे ने ग्रुप मैच में अर्जेटीना को 2-2 की बराबरी पर रोका था और फिर उरुग्वे को भी 1-1 से ड्रॉ खेलने पर मजबूर किया था। इसके बाद उसने ब्राजील को निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर रोका और फिर पेनाल्टी शूटआउट में उसे 4-3 से हराया।
डाज ने कहा, “मुझे इस बात की खुशी है कि हम तीन दिग्गजों से नहीं हारे। खिलाड़ी, निदेशक और हर कोई इस उपलब्धि पर खुश है। यह हमारे लिए बड़ी बात है और इससे हमें उस योजना को आगे ले जाने में मदद मिलेगी, जिस पर हम काफी समय से काम कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath