लॉस एंजेलिस, 5 जुलाई (आईएएनएस)। पर्दे पर सुपरमैन की पहली प्रेमिका लोइस लेन की भूमिका में नजर आईं अभिनेत्री नोएल नील का निधन हो गया है। वह 95 वर्ष की थीं।
वेबसाइट ‘वैरायटी डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के मुताबिक, लंबी बीमारी के बाद अरिजोना के टस्कन में अभिनेत्री का निधन हो गया। उनके प्रबंधक और जीवनी लेखक लैरी वॉर्ड ने फेसबुक पर लिखा, “अपने निधन तक भी उनके व्यक्तित्व में ऊर्जा और आकर्षण बना रहा।”
वह 1948 में पहली बार ‘सुपरमैन’ में लोइस लेन के किरदार में नजर आईं थी। उसके बाद वह श्रृंखला ‘एटम मैन वर्सिस सुपरमैन’ में आई थीं। 1950 के दशक की टीवी श्रृंखला ‘एडवेंचर्स ऑफ सुपरमैन’ में उन्होंने एक निडर पत्रकार की यादगार भूमिका को जीवंत कर दिया था, जिसके बारे में बाद में उन्होंने साक्षात्कारों में कहा था कि उन्होंने पर्दे पर अपना व्यक्तित्व ही जीवंत किया है।
मिनियापोलिस में जन्मी अभिनेत्री पर्दे पर आने से पहले अपने संपादक पिता की तरह ही एक पत्रकार बनना चाहती थीं।
नील को “गोल्डन बूट अवॉर्ड” से नवाजा गया था।
dharmpath.com dharmpath