सिओल, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। रक्षा संबंधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर गुरुवार को दक्षिण कोरिया की राजधानी सिओल पहुंचे।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, “दक्षिण कोरिया की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान पर्रिकर अपने कोरियाई समकक्ष जनरल हान मीन कू के साथ शुक्रवार को भारत और कोरिया गणराज्य के रक्षा मंत्रालयों की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे।”
पर्रिकर के साथ इस दौरे में रक्षा सचिव, भारतीय सेना के अधिकारी, रक्षा मंत्रालय के अधिकारी और भारतीय रक्षा उद्योग का शिष्टमंडल भी गया है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, कोरिया की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान पर्रिकर दोनों के बीच रक्षा संबंधों, क्षेत्रीय और आपसी हितों के मुद्दों पर बात करेंगे।
अधिकारिक बयान के मुताबिक, बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीके चिन्हित किए जाएंगे।
रक्षा मंत्री इस दौरान दक्षिण कोरिया के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन एडमिरल चोई यून ही, कोरियन डिफेंस एक्विजिशन प्रोग्राम एडमिन्रिटेशन मंत्री चांग म्यूंग जीन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार किम क्वान जीन से भी मुलाकात करेंगे।
पर्रिकर इससे पहले जापान के दौरे पर गए थे। इस दौरे पर भी वह जापान और भारत के बीच रक्षा संबंधों को बढ़ाने के उद्देश्य से गए थे।
भारत के इस कदम को क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभुत्व को रोकने के लिए एक समूह बनाने के प्रयास में देखा जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath