रायपुर, 29 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दिवंगत सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता किशोर साहू की स्मृति में इस वर्ष से राष्ट्रीय अलंकरण और राज्य स्तरीय सम्मान की शुरुआत की जा रही है। पहला किशोर साहू स्मृति राष्ट्रीय अलंकरण हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्देशक पद्मभूषण श्याम बेनेगल को देने का निर्णय लिया गया है।
बेनेगल को अगले माह अप्रैल में संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित होने वाले समारोह में दस लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ प्रशस्तिपत्र से विभूषित किया जाएगा। यह घोषणा बुधवार शाम को संस्कृति और पुरातत्व संचालनालय द्वारा की गई।
संस्कृति विभाग के संचालक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि राज्य सरकार ने हिंदी और छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन और सुदीर्घ कला-साधना को सम्मानित करने के लिए वर्ष 2018 में इस राष्ट्रीय अलंकरण की स्थापना की है। यह अलंकरण प्रति वर्ष एक चयनित व्यक्ति को दिया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा गठित निर्णायक मंडल ने वर्ष 2018 का यह राष्ट्रीय अलंकरण श्याम बेनेगल को देने की अनुशंसा की है
इसी कड़ी में राज्य सरकार ने हिंदी और छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय और पटकथा लेखन के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ योगदान के लिए ‘किशोर साहू स्मृति राज्य स्तरीय सम्मान्य की भी वर्ष 2018 में स्थापना की है।
पहला राज्य स्तरीय किशोर साहू सम्मान छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक मनोज वर्मा को देने का निर्णय लिया गया है। वर्मा को प्रशस्तिपत्र और दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तरीय किशोर साहू सम्मान भी प्रति वर्ष दिया जाएगा।
किशोर साहू छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के निवासी थे। उन्होंने 22 लोकप्रिय फिल्मों में अभिनय और 20 फिल्मों के निर्देशन के जरिए मुंबई फिल्म जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा इन दोनों पुरस्कारों के लिए पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया था, जिसमें अनुराग बसु, फिल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों में बतौर कला निर्देशक काम कर रहे जयंत देशमुख, महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा की पत्रिका ‘बहुवचन’ के संपादक अशोक मिश्र और ‘लगान’, ‘मैसी साहब’, ‘वाटर’, ‘सलाम मुंबई’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों के अभिनेता रघुवीर यादव सदस्य के रूप में शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath