इस्लामाबाद, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के क्वेटा शहर में दो पाकिस्तानी पत्रकारों और एक अकाउंटेंट की हत्या के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
‘डॉन ऑनलाइन’ पर मंगलवार को जारी रपट के अनुसार, किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाकर उसकी हत्या करने (टारगेट किलिंग) वाले इन दोनों लोगों का संबंध एक प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन से है।
बलूचिस्तान के गृहमंत्री मीर सरफराज बुग्ती ने मंगलवार को कहा कि सुरक्षा बलों ने पत्रकार इरशाद मस्तोई और अब्दुल रसूल तथा अकाउंटेंट मोहम्मद यूनुस की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुग्ती ने बताया कि 28 अगस्त, 2014 को सशस्त्र हमलावरों ने समाचार सेवा ऑनलाइन के दफ्तर में घुस कर इन हत्याओं को अंजाम दिया था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।
बुग्ती ने कहा कि आरोपी क्वेटा और बलूचिस्तान में 30 बम विस्फोटों और खास लोगों को निशाना बनाकर उनकी हत्या करने में शामिल रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath