इस्लामाबाद, 8 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के क्वेटा शहर के एक अस्पताल में सोमवार को हुए विस्फोट में 30 लोगों की मौत हो गई।
विस्फोट एक वकील की हत्या के बाद हुआ।
बलूचिस्तान के गृह सचिव अकबर हारिफल ने कहा, “विस्फोट उस समय हुआ जब सोमवार सुबह एक अन्य घटना में बलूचिस्तान बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बिलाल अनवर कासी की मौत के बाद कई सारे वकील और पत्रकार अस्पताल में जमा हुए थे।”
पहले आईं रपटों के मुताबिक, कासी की पहचान बलूचिस्तान बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के रूप में हुई थी।
बलूचिस्तान के गृहमंत्री सरफराज बुग्ती ने ‘डॉन’ को बताया कि ऐसी संभावना है कि यह घटना आत्मघाती हमलावर द्वारा अंजाम दी गई।
यह विस्फोट उस समय हुआ, जब कासी के पार्थिव शरीर को अस्पताल लाया गया।
इस घटना में बलूचिस्तान बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बाज मोहम्मद काकर समेत कई वकील घायल हो गए हैं। वहीं परिसर में अभी भी हवाई फायरिंग की आवाज सुनी जा सकती है।
टेलीविजन रपटों के अनुसार, अराजकता के माहौल में लोग अस्पताल से बाहर भागे।
परिसर में मौजूद पत्रकार भी गोलीबारी की चपेट में आ गए। ‘डॉन न्यूज’ के कैमरामैन इस विस्फोट में घायल हो गए, वहीं, ‘आज टीवी’ के कैमरामैन की इस विस्फोट में मौत हो गई।
‘डॉन’ ऑनलाइन की रपट के अनुसार, बुग्ती ने कहा है, “यहां सुरक्षा चूक रही है।”
अस्पताल को पूर्व में किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी।
dharmpath.com dharmpath