वाशिंगटन, 14 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान को एफ16 लड़ाकू विमान की बिक्री में आई अड़चन के कारण इस्लामाबाद के साथ संबंधों में आई कड़वाहट के बीच अमेरिका ने कहा कि उसका पाकिस्तान के साथ संबंध महत्वपूर्ण है और इसमें उसका दृढ़ विश्वास है, लेकिन दोनों का सभी मुद्दे पर समान मत नहीं है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “यह संबंध महत्वपूर्ण है, जिसमें हम दृढ़तापूर्वक विश्वास करते हैं।”
किर्बी ने कहा, “क्या अब इसमें जटिलता आ गई है? हां ऐसा है। और क्या हमें पाकिस्तान के साथ सभी मुद्दों पर एक मत होना होगा? नहीं, हम ऐसा नहीं कर सकते।”
किर्बी की यह टिप्पणी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज द्वारा गुरुवार को दिए गए उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा कि एफ16 लड़ाकू विमान की बिक्री में अमेरिका द्वारा शर्ते थोपे जाने के कारण बीते तीन महीने से उसके साथ संबंधों में कड़वाहट आ गई है।
अजीज ने गुरुवार को पाकिस्तान की सीनेट से कहा कि अमेरिकी कांग्रेस द्वारा आठ एफ16 विमानों की बिक्री में आंशिक फंडिंग पर रोक लगाए जाने के कारण बीते तीन महीनों से अमेरिका के साथ पाकिस्तान के संबंधों में कड़वाहट आई है।
अमेरिका ने कहा था कि पाकिस्तान अगर 70 करोड़ डॉलर के विमान का सौदा करना चाहता है, तो उसे पूरी रकम चुकानी होगी। जबकि पाकिस्तान इसमें 42.9 करोड़ डॉलर की सब्सिडी की मांग कर रहा है।
पाकिस्तान ने कहा कि अगर वह एफ16 विमान नहीं खरीद सकता, तो वह अन्य विकल्पों पर विचार करेगा।
किर्बी ने कहा, “यही कारण है कि संबंध महत्वपूर्ण है, क्योंकि हमारी चिंताएं समान हैं, क्षेत्र में हित समान हैं और हम इस पर अनवरत कार्य करने जा रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath