इस्लामाबाद, 3 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में एक हफ्ते पहले पेट्रोल से भरे टैंकर में हुए विस्फोट से मरने वालों की संख्या बढ़कर 206 हो गई है।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज के मुताबिक, सोमवार को पंजाब प्रांत के बहावलपुर में स्थित विक्टोरिया अस्पताल के अधिकारियों द्वारा ताजा आंकड़ा जारी किया गया। इसके अनुसार, 206 शवों में से 125 शवों के बुरी तरह से जले होने कारण शिनाख्त नहीं हो सकी है।
विक्टोरिया अस्पताल के प्रवक्ता अमीर बुखारी ने कहा कि लाहौर और मुल्तान के अस्पतालों में भर्ती हुए करीब 26 फीसदी घायल 70 फीसदी से ज्यादा झुलसे हुए हैं और उनके बचने की कम संभावना है।
उन्होंने कहा, “जब कोई 70 फीसदी से ज्यादा जल जाता है, तो उसकी मौत होने की आशंका बढ़ जाती है। फिलहाल 26 में से 10 की हालत काफी नाजुक है।”
यह दुर्घटना उस समय हुई जब पेट्रोल से भरा टैंकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गया।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, महिलाओं और बच्चों सहित नजदीकी इलाके के दर्जनों निवासी टैंकर से रिस रहे पेट्रोल को इकट्ठा करने के लिए जुट गए थे, तभी टैंकर में विस्फोट हो गया।
dharmpath.com dharmpath