इस्लामाबाद, 30 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान रेंजर्स की जांच चौकी के पास शनिवार को दो विस्फोटों में रेंजर्स के एक अधिकारी की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए।
‘डॉन’ की वेबसाइट के मुताबिक, बम मीरो खान रोड पर रेंजर्स के मुख्यालय के बाहर खड़ी एक साइकल से बांधे गए थे।
घायलों में पांच रेंजर्स अधिकारी और नौ नागरिक शामिल हैं, जबकि एक घायल रेंजर्स अधिकारी की मौत हो गई।
डॉन के मुताबिक, एक अन्य रेंजर्स अधिकारी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
विस्फोटों के बाद पुलिस के एक भारी दल ने इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने मीडिया को बताया कि दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें पूछताछ के लिए एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।
कराची में रेंजर्स पर मार्च में चार बार ग्रेनेड से हमले किए गए थे, जिनमें कम से कम तीन रेंजर्स घायल हो गए थे।
सिंध प्रांत के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने हमले की निंदा की है।
dharmpath.com dharmpath