इस्लामाबाद, 1 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने प्रतिबंधित संगठनों के सदस्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का फैसला किया है। सरकार उनका पासपोर्ट रद्द करने और उनके राष्ट्रीय पहचान पत्र पर रोक लगाने का काम करेगी।
डॉन आनलाइन की रपट के अनुसार, पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
इस दायरे में आने वालों को बैंक खाता खोलने व उनके संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। वे मोबाइल फोन के सिम और वाहन चलाने का लाइसेंस भी नहीं ले सकेंगे।
गृह मंत्रालय ने कहा है, “नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर प्रयास जारी रखने के दौरान हम सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने से नहीं हिचकेंगे। “
इस बैठक में प्रतिबंधित संगठनों, मानव तस्करों और घोषित अपराधियों के खिलाफ किए जाने वाले विभिन्न उपायों पर भी चर्चा हुई।
इस बैठक में उन तमाम सुरक्षा कंपनियों के लाइसेंस रद्द करने का फैसला लिया गया जो प्रशासन को अपना ब्यौरा नहीं देंगी।
dharmpath.com dharmpath