पाकिस्तान में विस्फोट, 10 की मौत

इस्लामाबाद, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के मुल्तान शहर में बस स्टॉप पर रविवार देर रात हुए बम विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 43 घायल हो गए।

केंद्रीय पुलिस अधिकारी (सीपीओ) अजहर अकरम ने सोमवार को बताया कि विस्फोट पंजाब प्रांत में मुल्तान जिले के वेहारी चौक इलाके में हुआ।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एक संदिग्ध शव बरामद किया गया है, जिसे डीएनए जांच और अंगूठे के निशान के सत्यापन के लिए भेजा गया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के अनुसार, घायलों में 11 की हालत गंभीर बनी हुई है।

विस्फोट को लेकर दो तरह की विरोधाभासी बातें सामने आ रही हैं। जिला आयुक्त अधिकारी जहीद सलीम गोंडल का कहना है कि विस्फोट एक रिक्शाचालक द्वारा विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार देने के कारण हुआ। माना जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवार विस्फोटक सामग्री लेकर जा रहा था, जिसमें विस्फोट हुआ।

वहीं, एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि बम एक बैग में रखा हुआ था, जिसमें रिमोट से विस्फोट किया गया।

सीपीओ ने बम निरोधक दस्ता और पुलिस दोनों दृष्टिकोणों से मामले की जांच कर रही है।

इस विस्फोट में पांच रिक्शा, एक कार, दो मोटरसाइकिल और दो दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।

हालांकि, अभी तक किसी भी आतंकवादी गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने घटना की निंदा करते हुए अस्पताल प्रशासन को घायलों को उचित सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493