मुंबई, 4 फरवरी (आईएएनएस)। शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘रईस’ के जरिए बॉलीवुड में कदम रखने वाली पाकिस्तानी अदाकारा माहिरा खान का कहना है कि पाकिस्तान के फिल्म प्रेमी दर्शक इस फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगने की वजह से अभिनेत्री फिल्म का प्रचार नहीं कर सकी थीं। अभिनेत्री ने शाहरुख के साथ वीडियो कॉल के जरिए यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में हिस्सा लिया।
माहिरा ने कहा, “‘रईस’ जल्द ही पाकिस्तान में रिलीज होने जा रही है और मेरा यकीन कीजिए, जैसे दुनिया भर में लोगों ने इस फिल्म का इंतजार किया वैसे ही पाकिस्तान के लोग भी बेसब्री से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। मुझे पूरा यकीन है कि यह यहां (पाकिस्तान) अच्छा व्यवसाय करेगी।”
टीवी शो ‘हमसफर’ की अभिनेत्री ने बताया कि उनके परिवार को शाहरुख का अभिनय बेहद पसंद आया।
माहिरा (32) ने बताया कि वह शाहरुख की बड़ी प्रशंसक हैं, और अभिनेता के साथ काम करने को लेकर घबराहट महसूस कर रही थीं, जो ‘जालिमा’ गीत के फिल्मांकन के दौरान और बढ़ गई। उन्होंने शाहरुख के साथ काम करने को सपना सच होने जैसा बताया।
टीवी शो ‘हमसफर’ में फवाद के साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री से जब दोनों खान (शाहरुख व फवाद) के बारे में पूछा गया कि दोनों में कितनी समानता है और दोनों कितने अलग हैं तो उन्होंने कहा, “फवाद बहुत उम्दा सह-कलाकार हैं, उन्होंने मेरी काफी मदद की। मुझे अभी भी वह फोन करते हैं.. लेकिन शाहरुख के साथ काम करने का अनुभव बिल्कुल अलग है। दोनों की तुलना करना बेमानी होगी। मैं उनकी (शाहरुख) तुलना किसी के साथ नहीं कर सकती।”
राहुल ढोलकिया निर्देशित इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी हैं।
dharmpath.com dharmpath