पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सामानों की बिक्री बढ़ी

कराची, 13 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सामानों की कराची में बिक्री दोगुनी हो गई है, क्योंकि पाकिस्तानी अब 14 अगस्त को अधिक जश्न मनाने को उत्सुक हैं। एक दैनिक ने शनिवार को यह जानकारी दी।

द डॉन ने शनिवार को अपनी रपट में कहा कि झंडों, बिल्लों और अन्य सामानों की जुलाई के मध्य से ही खूब बिक्री हो रही है, जोकि पिछले साल की तुलना में दो हफ्ते पहले से शुरू हो गई है।

रपट में कहा गया है कि सड़क के किनारे लगने वाले स्टॉलों की संख्या में 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई , क्योंकि अब कराची में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधरी है।

वीआईपी फ्लैग के मालिक शेख निसार अहमद परचमवाला का कहना है, “इस साल हमारी बिक्री में सौ फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और हमने अपने बिक्री लक्ष्य को पार कर लिया है।”

उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि कराची के लोग देश के अन्य हिस्सों के लोगों के मुकाबले कहीं ज्यादा उतसाही हैं।”

द डॉन ने कहा कि स्टॉलों पर झंडे, टीशर्ट और ट्राउजर, चूड़ियां, बिल्ले, हाथ में बांधनेवाले धागे, टोपी, मुखौटे, चश्मे, बैलून और राष्ट्रीय गानों की सीडी भरी पड़ी है।

पाकिस्तान में भी भारत की तरह ही ऐसी वस्तुओं का चीन से भारी मात्रा में आयात हो रहा है। कराची के एक प्रमुख व्यापारी अतीक मीर ने अनुमान लगाया कि इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कराची में करीब 10 अरब रुपये का कारोबार होगा, जबकि 2015 में यह पांच अरब का था।

वहीं, लाहौर में पांच अरब के कारोबार का अनुमान लगाया गया है, जबकि पिछले साल इससे आधी बिक्री हुई थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर इन सामानों का कुल 50 अरब रुपये का कारोबार होने की संभावना है, जबकि पिछले साल यह 20-25 अरब रुपये रहा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493