इस्लामाबाद, 5 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने जून, 2017 तक दो बड़ी पनबिजली परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए हैं, जिनसे करीब 2,380 मेगावाट बिजली का अतिरिक्त उत्पादन होगा।
समाचार-पत्र ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की संघीय सरकार ने दो महत्वाकांक्षी परियोजनाओं तरबेला-4 विस्तार परियोजना और नीलम-झेलम पनबिजली परियोजना (एनजेएचपी) को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 969 मेगावाट वाली नीलम-झेलम परियोजना की निगरानी के लिए उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुहम्म्द जुबैर को अपना मुख्यालय इस्लामाबाद से मुजफ्फराबाद ले जाने को गया है।
जल एवं विद्युत सचिव को इन दोनों परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट हर पखवाड़े प्रधानमंत्री सचिवालय को भेजने का निर्देश दिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, धन की कमी के चलते नीलम-झेलम परियोजना पहले ही काफी देरी को झेल चुकी है, जबकि इस परियोजना के पूरा होने पर 5.5 अरब यूनिट बिजली का उत्पादन होगा।
इसी तरह तरबेला विस्तार (टी4) परियोजना को भी जून, 2017 तक पूरा करने को कहा गया है। हालांकि पहले इस परियोजना की अनुमानित लागत राशि 92.8 करोड़ डॉलर आंकी गई थी, जिसे घटा कर 65.1 करोड़ डॉलर कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि अभी जो तरबेला में बिजली संयंत्र है, उसका निर्माण 1974 में हुआ था और इसकी कुल उत्पादन क्षमता 3,478 मेगावाट है। परियोजना पूरी होने के बाद इसकी क्षमता बढ़ कर 4,888 मेगावाट होने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath