इस्लामाबाद, 21 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को तीन आत्मघाती हमलवारों ने एक अदालत के भीतर घुसने का प्रयास किया और मारे गए।
‘द न्यूज’ ने पुलिस के हवाले से बताया कि चारसद्दा जिले में इस घातक घटना में लगभग 10 लोग घायल हो गए।
पुलिस अधिकारी सोहेल खालिद ने समाचार पत्र को बताया कि अदालत में घुसने का प्रयास कर रहे तीन आत्मघाती हमलावरों को मार गिराया गया।
खालिद ने कहा, “एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को अदालत के गेट पर ही उड़ा दिया। सभी तीनों आतंकवादियों को मार गिराया गया।”
उन्होंने कहा कि इस हमले में तीन से चार लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने घायलों की संख्या लगभग 10 बताई है।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, तांगी बाजार के सत्र न्यायालय के गेट के बाहर विस्फोटों के बाद गोलियों की आवाज सुनाई दी।
पेशावर और चारसद्दा के अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रख दिया गया।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के सदस्य शौकत युसूफजई ने कहा कि आतंकवादी मोहमंद एजेंसी से आए थे।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में पिछले 10 दिनों में आतकंवादी हमलों में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
dharmpath.com dharmpath