पाकिस्तान : लंदन के महापौर जिन्ना के मकबरे पर गए

इस्लामाबाद , 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। लंदन के महापौर सादिक खान शुक्रवार को कराची में स्थित मुहम्मद अली जिन्ना के मकबरे पर गए। सादिक खान इन दिनों अपने ‘लंदन इज ओपन’ अभियान को बढ़ावा देने के मकसद से पाकिस्तान की सद्भावना यात्रा पर हैं।

सादिक खान शहर में गुरुवार रात पहुंचे थे। पाकिस्तानी मूल के महापौर ने वहां जिन्ना के मजार पर मत्था टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वह कराची आकर गौरवान्वित हैं और लंदन से यहां सबके लिए एक संदेश लेकर आए हैं।

खान ने कहा, “लंदन शिक्षा, व्यवसाय व पर्यटन के लिए आपका स्वागत करता है। लंदन सबके लिए खुला हुआ है। लंदन मुस्लिम, सिख, हिंदू और सभी रंगों व नस्लों के लोगों का घर है।”

जियो न्यूज की रपट के मुताबिक, खान ने शहर के हबीब विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शिरकत की, जहां उन्होंने छात्रों से बातचीत की।

कराची उनकी यात्रा का अंतिम पड़ाव है। बुधवार को वह अपने 16 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत की वाघा सीमा से होकर लाहौर पहुंचे थे। उन्होंने पंजाब (पाकिस्तान) के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात की और ऐतिहासिक बादशाही मस्जिद का भी दौरा किया।

गुरुवार को खान इस्लाबाद पहुंचे और वहां उन्होंने प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी से मुलाकात की।

इससे पहले सादिक खान भारत में तीन दिन रहे। इस दौरान उन्होंने सरकारी अधिकारियों और नागरिक समाज के सदस्यों के साथ बैठकें की। उन्होंने भारत में नई दिल्ली, मुंबई और अमृतसर का दौरा किया।

वह भारत और पाकिस्तान दोनों देशों की यात्रा करने वाले लंदन के पहले महापौर हैं, जिन्होंने व्यापार, निवेश के संबंधों को मजबूती प्रदान करने और दोनों देशों के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर बल दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493