पाकिस्तान : सम्मान के लिए महिला की हत्या मामले में चाचा गिरफ्तार

इस्लामाबाद, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में जुलाई में कथित तौर पर सम्मान के लिए हुई पाकिस्तानी मूल की एक ब्रिटिश महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके चाचा को गिरफ्तार किया है। उस पर स्थानीय प्रशासन से धोखाधड़ी के जरिए महिला का मृत्यु प्रमाण-पत्र निकलवाने का आरोप है।

‘बीबीसी’ की रपट के अनुसार, 28 वर्षीया पाकिस्तानी मूल की ब्रिटिश महिला सामिया शाहिद की 20 जुलाई को हत्या कर दी गई थी, जब वह अपने परिवारवालों से मिलने पंडोरी गांव पहुंची हुई थी। उसके रिश्तेदारों ने पूर्व में दावा किया था कि उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई।

महिला के चाचा हक नवाज को रविवार को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।

‘डॉन’ के अनुसार, नवाज ने महिला का जो मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाया, उसमें उसके पूर्व पति चौधरी शकील को मौजूदा पति बताया गया और कहा गया कि उसकी मौत स्वाभाविक थी।

पुलिस के अनुसार, नवाज ने शकील को दुष्कर्म के आरोपों से बचाने के लिए यह सब किया, जो फॉरेंसिक रपट व शकील के डीएनए टेस्ट से पहले ही साबित हो चुका है।

मृत्यु प्रमाण-पत्र आठ अगस्त को जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इससे पहले फॉरेंसिक रपट से साबित हो गया था कि सामिया की मौत अस्वाभाविक थी और यह दम घुटने के कारण हुई। बाद में शकील ने माना कि उसने नशे की दवा देने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, सामिया ने शकील से तलाक के बाद सैयद मुख्तार काजिम से निकाह किया था।

सामिया की हत्या के लिए पुलिस ने उसके पिता को भी आरोपी बनाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493