चेन्नई, 19 जून (आईएएनएस)। अभिनेता-फिल्मकार कमल हासन का कहना है कि उनकी आगामी तमिल फिल्म ‘पापनाशम’ की ताकत उसकी पटकथा है, क्योंकि इस विषय पर कई भाषाओं में फिल्में बनी हैं, जो सफल रही हैं। ‘पापनाशम’ मलयालम फिल्म ‘दृश्यम’ की रीमेक है।
हासन ने आईएएनएस को बताया, “इस पटकथा पर विभिन्न भाषाओं में फिल्में बन चुकी है और वे सफल भी हुई हैं। इससे सिद्ध होता है कि ‘पापनाशम’ की शक्ति उसकी पटकथा है।”
हासन ने फिल्म में केबल टीवी ऑपरेटर की भूमिका निभाई है। फिल्म का निर्देशन जीतू जोसेफ ने किया है।
फिल्म के सभी किरदार नेल्लई लहजे में बात करते हैं।
उन्होंने कहा, “इस लहजे में मदद के लिए पूरा श्रेय लेखक जेयामोहन और सुका को जाता है। स्थान और भाषा के बारे में उनकी जानकारी काफी मददगार रही। यदि एक शब्द का भी गलत तरीके से उच्चारण किया जाता था तो वह तुरंत टोक देते थे।”
‘पापनाशम’ तीन जुलाई 2015 को रिलीज होने वाली है।
dharmpath.com dharmpath