पावरलिफ्टर गौरव का लक्ष्य मिस्टर ओलम्पिया खिताब

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। यूरोपियन चैम्पियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले पावर लिफ्टर गौरव शर्मा का अगला लक्ष्य इसी साल सितंबर में लास वेगास में होने वाले मिस्टर ओलम्पिया खिताब को जीतना है।

गौरव ने आईएएनएस से कहा, “देश के लिए पदक जीतना हमेशा से अच्छा होता है। किसी भी खिलाड़ी के लिए देश का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात होती है और जब तिरंगा ऊपर जाता है तो उस भावना को बयां नहीं किया जा सकता।”

गौरव राष्ट्रीय राजधानी के चांदनी चौक इलाके के मंदिर के महंत हैं। वह द्रोणाचार्य अवार्ड विजेता भूपिंदर धवन के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “बचपन से मैं भारोत्तोलक बनना चाहता था। मैं अपने घर के पास में अभ्यास किया करता था। मैं सब-जूनियर दिल्ली टीम में भी चुन लिया गया था, लेकिन इसके बाद मेरा एक्सीडेंट हो गया। मुझे वो खेल छोड़ना पड़ा। हालांकि, बाद में मैंने पावरलिफ्टिंग शुरू की जिसके लिए भूपिंदर सर का शुक्रिया। सर ने मुझ में विश्वास जताया और मुझे विश्व विजेता बनाया।”

गौरव ने 2016 वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग चैम्पियनशिप में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इससे पहले, 2007 में वह न्यूजीलैंड में राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

गौरव ने युवाओं से अपील की है कि वो पदक जीतने के लिए स्टेरोइड्स का सेवन न करें और प्राकृतिक आहार पर निर्भर रहें।

उन्होंने कहा, “जब मैं सुनता हूं कि हमारे खिलाड़ी डोप टेस्ट में फैल हो गए तो तकलीफ होती है। उन्हें अपनी स्वाभाविक डाइट पर टिके रहना चाहिए और ताकत बढ़ाने वाले उत्पादों से दूर रहना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493