मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। रिलायंस डिफेंस ने सोमवार को कहा कि उसने 700 करोड़ रुपये के ठेके के तहत अपने स्वदेशी डिजाइन पर तैयार किए गए जहाजों में से तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) को सातवीं आपूर्ति-जहाज (सप्लाई वेसल) की आपूर्ति कर दी है।
कंपनी के बयान के मुताबिक, 18 जनवरी, 2016 को पिपावाव डिफेंस के अधिग्रहण के बाद यह उसकी पहली जहाज आपूर्ति है।
बयान के मुताबिक, जहाज के दो दिवसीय परीक्षण से ओएनजीसी और भारतीय जहाजरानी पंजी संतुष्ट है। नए जहाज को पुराने और किराए पर संचालित किए जा रहे जहाज से बदला जाएगा।
कंपनी ने कहा कि जहाज को भारतीय समुद्री सीमा की परिस्थितियों के मुताबिक तैयार किया जा रहा है। यह 1,800 टन माल की ढुलाई कर सकता है और इससे पेय जल, सीमेंट और तेल की ढुलाई की जा सकती है।
कंपनी ने ट्रांसओशन, शेल्फ ड्रिलिंग, एनपीसीसी और नोबल एनर्जी जैसे वैश्विक ग्राहकों को भी सेवा दी है।
रिलायंस डिफेंस देश में युद्ध पोत निर्माण के लिए ठेका और लाइसेंस हासिल करने वाली प्रथम निजी कंपनी है।
dharmpath.com dharmpath