प्रीटोरिया, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका की एक अदालत ने सोमवार को फैसला सुनाया कि पैरालंपिक खिलाड़ी ऑस्कर पिस्टोरियस को अपनी मॉडल प्रेमिका रीवा स्टीनकैंप की हत्या के मामले में जून में सजा सुनाई जाएगी।
समाचार पत्र ‘द गार्जियन’ की रपट के मुताबिक, सर्वोच्च न्यायालय ने पिछले साल दिसंबर में पूर्व पैरालंपिक खिलाड़ी की गैर इरादतन हत्या का दोष और पांच साल कारावास की सजा रद्द कर दी थी, जबकि अपीली अदालत के न्यायाधीशों ने उन्हें हत्या का दोषी पाया था।
पिस्टोरियस उस समय प्रीटोरिया की अदालत में मौजूद थे, जब न्यायाधीश ऑब्रे लेडवाबा ने उन्हें बताया कि उन्हें जून 13-17 के बीच नई सजा सुनाई जाएगी।
प्रीटोरिया में अपने रिश्तेदार के घर में रह रहे खिलाड़ी, अगली सुनवाई तक जमानत पर रहेंगे।
इस मामले की पहली सुनवाई में न्यायाधीश थोकोजिले मसिपा ने उनके बताए घटनाक्रम को स्वीकार करते हुए फैसले में कहा था कि इस बात का कोई साक्ष्य नहीं है कि पिस्टोरियस स्टीनकैंप की हत्या करना चाहते थे, बल्कि उनसे यह अनजाने में लापरवाहीवश हुआ था।
पिस्टोरियस को पहले गैर इरादतन हत्या का दोषी ठहराए जाने पर पांच साल कैद की सजा सुनाई गई थी और उन्होंने केवल एक साल की सजा काटी है।
उन्हें अक्टूबर 2015 में जेल से रिहा कर घर में नजरबंद कर दिया गया था।
dharmpath.com dharmpath