मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ एक मैच में शानदार प्रदर्शन कर चर्चा में आए राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज दीपक हुड्डा ने कहा कि इंग्लैंड के निष्कासित बल्लेबाज केविन पीटरसन ने उन्हें आक्रामक क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया।
हुड्डा ने बुधवार को कहा, “बल्लेबाजी में पीटरसन मेरी प्रेरणा हैं, क्योंकि वह भी आक्रामक बल्लेबाज हैं और बड़े शॉट खेलना पसंद करते हैं। टीम में मेरी भी भूमिका आक्रामक क्रिकेट खेलने की है। मैं नेट में भी बड़े शॉट लगाने का अभ्यास करता हूं।”
हुड्डा ने आईपीएल के जारी संस्करण में 12 अप्रैल को छठे क्रम पर 25 गेंदों में 54 रनों की पारी खेली थी। उनकी इस पारी की बदौलत रॉयल्स तीन विकेट की जीत हासिल करने में कामयाब रहे थे।
बड़ौदा के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने वाले हुड्डा ने राजस्थान रॉयल्स टीम के मेंटर राहुल द्रविड़ को भी अपनी सफलता का श्रेय दिया।
हुड्डा ने कहा, “आपको राहुल द्रविड़ जैसे खिलाड़ी से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। मैंने उनसे कई बार सलाह ली है। मसलन, दबाव में कैसे बल्लेबाजी की जाए। मुझे उनसे बात करना और उनसे सलाह लेना पसंद है। वह कई जरूरी बातें हमें बताते हैं।”
हुड्डा ने रॉयल्स के कप्तान और आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी शेन वाटसन सहित स्टीवन स्मिथ की भी प्रशंसा की और कहा कि इन दोनों खिलाड़ियों ने भी हमेशा उनका उत्साह बढ़ाया और अच्छा खेलने के लिए प्रेरित किया।
dharmpath.com dharmpath