पीडब्ल्यूएल : आखिरी लीग मैच में दिल्ली को मिली पहली जीत

बेंगलुरू, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। विश्व चैम्पियनशिप में उप-विजेता रहे पहलवान नावरुजोव इख्तियोर के दमदार प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली वीर टीम ने बुधवार को प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के लीग चरण के अपने आखिरी मुकाबले में बेंगलुरू योद्धाज को 4-3 से हरा दिया।

लीग चरण में हालांकि दिल्ली की यह एकमात्र जीत भी रही।

पुरुषों के 65 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुए आखिरी मुकाबले से पहले दोनों टीमें 3-3 से बराबरी पर थीं, लेकिन आखिरी मुकाबले में इख्तियोर ने बजरंग पुनिया को 10-1 से पटखनी देते हुए दिल्ली को जीत दिला दी।

छह टीमों की अंकतालिका में इसके साथ दिल्ली पांचवें स्थान पर रही। उत्तर प्रदेश वॉरियर्स भी एक ही जीत हासिल कर सकी है, लेकिन अंकों के आधार पर वह सबसे निचले छठे पायदान पर है।

दूसरी ओर हारने के बावजूद बेंगलुरू का सेमीफाइनल में प्रवेश पक्का है, हालांकि घरेलू मैदान पर बुधवार को मिली हार से उनका मनोबल जरूर थोड़ा डगमगाया होगा।

बेंगलुरू अंकतालिका में चौथे पायदान पर है, जबकि मुंबई गरुड़ाज शीर्ष पर हैं।

विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता एर्डेनेबाट बेखबायार ने पुरुषों के 57 किलोग्राम भारवर्ग के पहले मुकाबले में बेंगलुरू के संदीप तोमर को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से हराते हुए दिल्ली वीर को विजयी शुरुआत दिलाई।

महिला वर्ग (53 किलोग्राम) के अगले मुकाबले में लिलिया होरिशना ने ललिता शहरावत को 11-6 से हराकर दिल्ली की बढ़त को 2-0 पर पहुंचा दिया।

लेकिन डेविट मोदजामनाश्विली ने पुरुषों के 125 किलोग्राम भारवर्ग में कृशन कुमार को 10-0 से मात देकर बेंगलुरू की वापसी कराई।

यालिया रैटकेविच ने महिलाओं के 58 किलोग्राम भारवर्ग में मौजूदा विश्व चैम्पियन येसिलिरमैक एलिफ जेल को हराकर बड़ा उलटफेर कर डाला और बेंगलुरू को 2-2 से बराबरी पर ला खड़ा किया।

बेंगलुरू के कप्तान और आइकन खिलाड़ी नरसिंह पंचम यादव ने इसके बाद दिनेश कुमार को 8-4 से मात देते हुए अपनी टीम को 3-2 से आगे कर दिया।

लेकिन राष्ट्रमंडल चैम्पियन विनेश फोगट ने दिल्ली वीर के लिए एलिजा लांपे को तकनीकी कुशलता के आधार पर 10-0 से हराकर अहम जीत हासिल कर ली।

गुरुवार को हरियाणा और मुंबई के बीच होने वाले लीग चरण के आखिरी मुकाबले के बाद ही सेमीफाइनल का ड्रॉ तय होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493