पीडब्ल्यूएल के 9 खिलाड़ी यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग में शामिल

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। पिछले दिनों एशियाई चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय रेसलर नवजोत कौर युनाइटेड वल्र्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) की महिलाओं की 65 किलोग्राम वर्ग रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।

इस वर्ग में 2016 की यूरोपीय चैम्पियन फिनलैंड की पेत्रा ओली पहले स्थान पर हैं।

नवजोत प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के पहले सीजन में बेंगलुरू योद्धा की ओर से खेली थीं। इस सूची में पीडब्ल्यूएल में खेले कुल नौ पहलवान शीर्ष पांच स्थानों में हैं।

एशियाई चैम्पियनशिप में लगातार दूसरा रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला पहलवान विनेश 50 किलो वर्ग में दूसरी स्थान पर हैं। विनेश पीडब्ल्यूएल सीजन-1 में दिल्ली वीर और सीजन-3 में यूपी दंगल की मुख्य खिलाड़ी थीं और उन्हें सीजन-1 की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया था।

इसके अलावा, बजरंग पूनिया 65 किलो में और साक्षी मलिक महिलाओं के 62 किलो वर्ग में चौथे स्थान पर हैं। बजरंग सीजन-3 में यूपी दंगल से और साक्षी मुम्बई महारथी से खेली थीं।

भारतीय पहलवानों में संगीता फोगट 59 किलो वर्ग में पांचवें स्थान पर हैं। इन तीनों खिलाड़ियों को हाल में एशियाई चैम्पियनशिप में तीसरा स्थान हासिल हुआ था। संगीता ने सीजन-2 और सीजन-3 में दिल्ली सुल्तांस की ओर से चुनौती रखी थी।

पीडब्ल्यूएल सीजन-1 में मुम्बई टीम की आइकन खिलाड़ी और तीन बार की विश्व चैम्पियन एडलाइन ग्रे महिलाओं के 76 किलो वर्ग में दूसरे स्थान पर हैं। वह उस सीजन में अपराजित रही थीं। पिछले दिनों अपने विवाह के बाद उन्होंने क्लिप्पन ओपन में शानदार वापसी करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

पीडब्ल्यूएल सीजन-1 में यूपी वॉरियर्स की ओर से खेले मंगोलिया के मंदाकरन गैनजोरिग 74 किलो वर्ग में शीर्ष स्थान पर हैं और उज्बेकिस्तान के नवरूजोव इख्तियोर 70 किलो वर्ग में दूसरे और उज्बेकिस्तान के ही एम डेविट सुपर हैवीवेट वर्ग में दूसरे स्थान पर हैं। नवरूजोव सीजन-1 में दिल्ली वीर की ओर से और एम डेविट बेंगलुरु योद्धा की ओर से खेले थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493