पीडब्ल्यूएल : मुंबई ने उप्र दंगल को 5-2 से हराया

नई दिल्ली, 7 जनवरी (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन मुंबई महारथी के पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के लीग मुकाबले में उत्तर प्रदेश दंगल को 5-2 से हरा दिया।

यहां के. डी. जाधव स्टेडियम में चल रहे टूर्नामेंट के मौजूदा संस्करण में शनिवार को मुंबई ने सत्र की पहली जीत हासिल की।

मुंबई इससे पहले के दो लीग मैच हार चुका है। लेकिन इस जीत के साथ मुंबई की टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। मुंबई इस समय संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे हरियाणा हैमर्स और जयपुर निंजास से दो अंक पीछे है।

दूसरी ओर उप्र दंगल को पीडब्ल्यूएल के मौजूदा संस्करण में अपने दूसरे मैच में भी हार झेलनी पड़ी।

मैच का पहला ही मुकाबला उलटफेर वाला साबित हुआ। मुंबई के प्रीतम ने एशियाई चैम्पियन अमित धनखड़ को 70 किलोग्राम भारवर्ग में पिछड़ने के बाद मात दे दी।

इसके बाद मुंबई की कप्तान एरिका वीबे ने उप्र दंगल के लिए मैट पर उतरीं बेलारूस की मारिया मैमाशुक को 75 किलोग्राम भारवर्ग में 4-0 से हराते हुए मुंबई की बढ़त दोगुनी कर दी।

कैरोलिना कैसिलो हिडाल्गो ने मुंबई को लगातार तीसरे मुकाबले में जीत दिलाई। हिडाल्गो ने उप्र दंगल की एलिसा यांकोव को 4-1 से हराया।

उप्र दंगल के लिए आंद्रे कावियातोव्स्की ने चौथा गेम जीतकर स्कोर 1-3 किया। आंद्रे ने मुंबई के युवा पहलवान विकास को 65 किलोग्राम भारवर्ग में तकनीकी आधार पर हराया। स्कोर 4-4 से रहने के बाद आंद्रे को विजेता घोषित किया गया।

महिलाओं की 58 किलोग्राम भारवर्ग में सरिता ने मनीषा को 9-1 से हराकर मुंबई की जीत पक्की कर दी।

रियो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली अजरबेजान की जाब्रायिल हसानोव ने मुंबई के लिए खेलते हुए उप्र दंगल की तारिएल गाप्रिंदाश्विली को 3-1 से हराया और मुंबई की बढ़त को 5-1 कर दिया।

उप्र दंगल के लिए खेल रहे पूर्व एशियाई चैम्पियन और विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले अनुभवी पहलवान अमित दहिया ने मुंबई के राहुल अवारे को पुरुषों के 57 किलोग्राम भारवर्ग में हराते हुए अपनी टीम को सांत्वना जीत दिलाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493