नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। बीजिंग ओलिम्पिक-2008 में भारत के दिग्गज पहलवान सुशील कुमार को हराने वाले यूक्रेन के आंद्रेई स्टैडनिक ने भारत में कुश्ती के लोकप्रिय लीग टूर्नामेंट ‘प्रो-रेसलिंग लीग’ के दूसरे सीजन में बतौर कोच अपनी सेवाएं देने की इच्छा जाहिर की है।
आठ साल पहले आंद्रेई से हारने के साथ ही सुशील की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गई थीं और उन्होंने रेपचेज राउंड में जीत हासिल करते हुए कांस्य पदक हासिल किया था।
आंद्रेई की पत्नी मारिया स्टैडनिक ने कहा, “आंद्रेई आज भी कुश्ती से जुड़े हुए हैं। वह अजरबेजान के एक केंद्र में कुश्ती का प्रशिक्षण देते हैं और यहीं मैं भी अपने पति से इसका प्रशिक्षण लेती हूं।”
आंद्रेई की बहन याना रैटिगन पीडब्ल्यूएल के पहले सीजन में पंजाब रॉयल्स टीम का हिस्सा रही थीं। बीजिंग में मारिया को कांस्य और आंद्रेई को रजत पदक हासिल हुआ था। इसके बाद मारिया ने लंदन और रियो ओलिम्पिक में भी रजत पदक जीता।
मारिया ने पीडब्ल्यूएल सीजन-2 के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उनका कहना है कि दुनिया के शीर्ष पहलवानों को एक मंच पर लाना कुश्ती की बेहतरी के लिए एक बड़ा कदम है।
dharmpath.com dharmpath