पीडब्ल्यूएल-3 को दर्शकों ने सराहा

नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। प्रो रेसलिंग लीग-3 (पीडब्ल्यूएल), क्रिकेट लीग के बाद भारत में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली लीग बन गई है। इसने प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) को पीछे छोड़ा है।

इसे भारत में टीवी पर 36 घंटों में 85 करोड़ दर्शकों ने देखा और इसी के साथ यह लीग भारत में क्रिकेट के बाद सबसे ज्यादा देखी जाने वाली लीग भी बन गई।

बार्क द्वारा जारी ताजा रेटिंग में पीडब्ल्यूएल-3 ने प्रो कबड्डी लीग-5 को भी पीछे छोड़ दिया जो क्रिकेट के बाद दूसरे खेलों के लिए एक बेंचमार्क बन गई थी। इसे भारत में 9 फीसदी और हिन्दी भाषी बाजार में 47 फीसदी देखा गया।

18 दिनों तक चलने वाली इस लीग का प्रसारण सोनी ने किया था। इस लीग में 24 ओलम्पियन, 10 रियो ओलम्पिक पदकधारी, 14 विश्व चैम्पियन और छह कांटिनेन्टल चैम्पियन ने हिस्सा लिया था। सोनी ईएसपीएन और सोनी ईएसपीएन (एचडी) के दर्शकों की संख्या में क्रमश: 241 प्रतिशत और 583 प्रतिशत बढ़ोतरी देखी गई।

लीग की प्रमोटर संस्था स्पोर्टीफाई के संस्थापक कार्तिकेय शर्मा ने कहा, “अभी तक कुश्ती जैसे खेल को भारत में पहचान नहीं मिली थी। बार्क की ताजा रेटिंग ने बताया है कि कुश्ती जैसे खेल को लोग देखना पसंद करते हैं।”

उन्होंने कहा, “हमारे जैसे खेल प्रेमी के लिए एक अच्छी बात यह है कि लोग अब कुश्ती, कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबाल जैसे खेलों को भी देख रहे हैं। इस देश में अब सिर्फ क्रिकेट नहीं रह गया है और यह अच्छा भी है क्योंकि इससे भारत को एक अच्छा खेल राष्ट्र बनने में मदद मिलेगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493