पीबीएल-4 : खिताबी दौड़ में बने रहने के लिए मुंबई से भिड़ेगा हैदराबाद

बेंगलुरू, 11 जनवरी (आईएएनएस)। मौजूदा विजेता हैदराबाद हंटर्स शनिवार को अपने खिताब को बचाने के लिए कांतिरावा स्टेडियम में बैडमिंटन प्रीमियर लीग (पीबीएल) के दूसरे सेमीफाइनल में दो बार की उपविजेता मुंबई रॉकेट्स का सामना करेगी।

दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम-4 में जगह बनाई है और टीमों के प्रदर्शन की खास बात इनके खेल में निरंतरता है।

हंटर्स ने पिछले सीजन की अपनी फॉर्म को इस सीजन में भी जारी रखा है और लीग चरण का अंत 24 अंकों के साथ किया है। पी.वी. सिंधु की कप्तानी वाली इस टीम ने अभी तक इस सीजन में सिर्फ एक ट्रम्प मैच हारा है। उसने छह में से पांच ट्रम्प मैचों में जीत हासिल की है। टीम सेमीफाइनल में इसी तरह के प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश में होगी।

सेमीफाइनल मुकाबले की पूर्व संध्या पर सिंधु ने कहा, “हम सेमीफाइनल में आकर बेहद खुश हैं। हालांकि चुनौती काफी बड़ी है, लेकिन एक टीम के तौर पर हम काफी अच्छा खेल रहे हैं और अपने आप को खिताब की दौड़ में रखने के लिए हम अपना सब कुछ दांव पर लगा देंगे।”

दूसरी तरफ मुंबई के पास आंद्रेस एंटोनेसन और समीर वर्मा जैसे खिलाड़ी हैं। इन दोनों के अलावा मुंबई के पास अनुभवी ली योंग डाए भी हैं, इस लिहाज से मुंबई की टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उनकी टीम में कई अच्छे खिलाड़ी हैं और हंटर्स के लिए कोर्ट पर मुंबई का सामना करना किसी भी तरीके से आसान नहीं होगा।

मुंबई ने लीग चरण का अंत 19 अंकों के साथ किया है। इस सीजन में उसके प्रदर्शन में निरंतरता देखी गई है। एक बार फिर उसकी कोशिश अपने सभी दांव सही तरीके से चलने और फाइनल में जगह बनाने की होगी।

मुंबई की टीम पहले और दूसरे सीजन में उप-विजेता रही थी। इस बार वह अपनी पुरानी गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहेगी और खिताब की दौड़ में अपने आप को बनाए रखने की हर संभव कोशिश करेगी।

ली योंग डाए ने कहा, “यह हमारे लिए शानदार मौका है। हैदराबाद हंटर्स मौजूदा विजेता है और हम सर्वश्रेष्ठ टीम को मात देना चाहते हैं। हमारे पास अच्छा मौका है और टीम भी आत्मविश्वास से भरी है। हम काफी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मैं आश्वस्त हूं कि बेंगलुरू को अच्छा मुकाबला देखने को मिलेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493