लाहौर, 31 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन शहरयार खान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि वह इस साल जून में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के वार्षिक सम्मेलन के बाद इस पद को छोड़ देंगे।
पाकिस्तान के अंग्रेजी समाचार पत्र ‘द डॉन’ की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, शहरयार ने पीसीबी के प्रमुख संरक्षक और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को इस्तीफा सौंप दिया है।
शहरयार ने बोर्ड के सदस्यों के साथ एक बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पीसीबी के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने के पीछे मुख्य कारण व्यक्तिगत और स्वास्थ्य संबंधी हैं।
उन्होंने कहा, मैंने शासक मंडल (बीओजी) के सदस्यों से कहा था कि उन्होंने मुझे तीन साल पहले पीसीबी का चेयरमैन नियुक्त किया था, लेकिन अब मैंने इस पद या किसी अन्य पद की उम्मीदवारी से दूर रहने का फैसला किया है।
शहरयार ने कहा कि उन्होंने अपने इस्तीफे के फैसले के बारे में प्रधानंत्री को सूचित किया था। उन्होंने कहा, यह मेरा निजी फैसला है, जो स्वास्थ्य और निजी कारणों से लिया गया है।
शहरयार से जब पूछा गया कि अगर उनका यह इस्तीफा अस्वीकार कर दिया जाता है, तो वह क्या करेंगे? इस पर उन्होंने कहा, “तब मैं देखूंगा कि क्या करना है। अगर इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाता है, तो अगले पीसीबी चेयरमैन के चुनाव के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।”
भारत और पाकिस्तान के बीच द्वीपक्षीय श्रृंखला पर शहरयार ने कहा कि भारतीय सरकार के रवैये के कारण इसकी संभावना न के बराबर थी। उन्होंने कहा कि पीसीबी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के खिलाफ उस समय कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहा था क्योंकि उसने 2014 में किए गए समझौते का उल्लंघन किया था जिसके तहत दोनों देशों के लिए छह द्विपक्षिय श्रृंखलाएं खेली जानी थीं।
उन्होंने कहा कि पीसीबी पहले बीसीसीआई को चेतावनी के तौर पर नोटिस देगी और फिर इसके बाद आईसीसी की समाधान सुलहा समिति के पास अपनी बात रखेगी।
उन्होंने कहा, “अगर दोनों कदम नाकाम हो जाते हैं तो पीसीबी के पास भारत को विश्व खेल पंचाट न्यायालय में लाने का अधिकार है।”
शहरयार ने कहा कि भारत के पाकिस्तान के साथ न खेलने से उसे करोड़े रुपयों के नुकसान हुआ है।
dharmpath.com dharmpath