पुणे एटीपी चैलेंजर में युकी, सोमदेव पेश करेंगे भारतीय चुनौती

पुणे, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष टेनिस स्टार युकी भांबरी और सोमदेव देववर्मन इसी महीने के आखिर में होने वाले एटीपी चैलेंजर टूर्नामेंट में भारत की ओर से खिताब के प्रबल दावेदार होंगे।

युकी, सोमदेव के अलावा टूर्नामेंट में साकेत मायनेनी, रामकुमार रामनाथन, सनम सिंह और जूनियर विंबलडन युगल चैम्पियन सुमित नागल भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पुणे चैलेंजर टूर्नामेंट 24 से 31 अक्टूबर के बीच शिव छत्रपति महालुंगे बालेवाडी टेनिस कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा।

50,000 डॉलर इनामी राशि वाले टूर्नामेंट का आयोजन महाराष्ट्र सरकार के खेल एवं युवा सेवा मामले निदेशालय के तत्वावधान में महाराष्ट्र स्टेट लॉन टेनिस संघ (एमएसएलटीए) और पुणे महानगर जिला टेनिस संघ (पीएमडीटीए) संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले शीर्ष अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों में डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप फाइनल-2015 खेलने वाली ब्रिटिश टीम का हिस्सा रहे जेम्स वार्ड, इसी फाइनल में बेल्जियम की डेविस कप टीम का हिस्सा रहे यानिक मर्टेस, विश्व वरीयता में 65वें क्रम पर रह चुके रूस के एवगेनी डोंसकोय और स्पेन के आड्रियान मेनेडेज मासीराज शामिल हैं।

विजेता को 7,200 डॉलर की नकद राशि और 80 एटीपी अंक मिलेंगे, जबकि उप-विजेता 4,053 डॉलर की राशि और 55 एटीपी अंक हासिल कर सकेगा।

क्वालीफाइंग राउंड के मैच 24 और 25 अक्टूबर को खेले जाएंगे, जबकि मुख्य मुकाबले 26 अक्टूबर से शुरू होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493