मॉस्को, 7 जून (आईएएनएस)। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता करने मॉस्को पहुंच गए हैं। दोनों नेता सीरिया संकट व इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष के पहलुओं पर चर्चा कर सकते हैं।
पत्नी सारा के साथ नेतन्याहू इस साल दूसरी बार मॉस्को के दौरे पर हैं और दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंध शुरू होने की यह 25वीं वर्षगांठ है। इससे पहले नेतन्याहू ने अप्रैल में मॉस्को का दौरा किया था।
समाचार वेबसाइट ‘आरटी ऑनलाइन’ के मुताबिक, नेतन्याहू के मॉस्को के पिछले दौरे के दौरान जिन मुद्दों पर सहमति बनी थी, उनके क्रियान्वयन पर चर्चा की नेतन्याहू की योजना खास तौर से इजरायली सेना तथा रूसी बलों के बीच समन्वयन को रेखांकित करती है।
इजरायल की सीमा के निकट सीरियाई हवाई क्षेत्र में रूसी युद्धक विमान स्वतंत्रतापूर्वक उड़ान भर सकें, इसके लिए दोनों पक्ष एक तथाकथित गैर संघर्ष तंत्र का पालन करने के इच्छुक हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, “वे आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई, सीरिया में और इसके आसपास के हालात, इजरायल व फिलिस्तीन के बीच कूटनीतिक सीमा, द्विपक्षीय आर्थिक व व्यापार सहयोग तथा सांस्कृतिक व मानवीय संबंधों को मजबूत करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।”
इजरायल व रूस के नेता वाशिंगटन व मॉस्को की मध्यस्थता में फरवरी में किए गए संघर्ष विराम को बरकरार रखने के प्रयास पर चर्चा करेंगे। दोनों नेता इजरायली-रूसी व्यापार सहयोग व सांस्कृतिक संबंधों के अलावा, इजरायल-फिलिस्तीन शांति प्रक्रिया पर भी चर्चा करेंगे।
दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों के फिर से शुरू होने की 25वीं वर्षगांठ मनाने के लिए इजरायली प्रतिनिधिमंडल ‘ओपन द डोर टू इजरायल’ के नाम से एक जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ करेगा।
dharmpath.com dharmpath