नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रख्यात फैशन डिजाइनर रोहित बल पुरुषों के लिए मॉडलिंग एजेंसी शुरू करने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। रोहित इस मॉडलिंग एजेंसी का नाम ‘बल्स एंजेल्स’ रखने पर विचार कर रहे हैं।
बल पिछले दो दशकों से फैशन जगत का अभिन्न अंग रहे हैं। उम्मीद है कि उनकी इस पहल से पुरुष मॉडलों को फैशन जगत में खुद को स्थापित करने में सामने करने वाले संघर्ष में कमी आएगी।
अपनी भावी योजनाओं के बारे में रोहित ने आईएएनएस को कहा, “मैं लड़को के लिए एक मॉडलिंग एजेंसी खोल रहा हूं। क्योंकि लड़कियों के लिए बहुत एजेंसी हैं। इसलिए मैंने लड़कों के लिए एजेंसी खोलने का फैसला किया। इसका नाम बल्स एंजेल्स होगा।”
रोहित ने कहा, “इस एजेंसी को चलाने के लिए मेरे पास उपयुक्त लोग हैं। मैं स्वयं हर दिन लोगों को प्रशिक्षण देने के लिए उपलब्ध नहीं रहूंगा, लेकिन मेरी यह कोशिश होगी कि यह देश की सर्वोत्तम पुरुष मॉडलिंग एजेंसी हो।”
रोहित ने 1990 में अपनी पुरुष श्रृंखला पेश की थी। रोहित ने उमा थरमन, सिंडी क्रॉफोर्ड, पामेला एंडरसन और नाओमी कैंपबेल जैसी हॉलिवुड की दिग्गज हस्तियों के लिए कपड़े डिजाइन किए हैं। इन्होंने अमिताभ बच्चन के लिए भी संग्रह पेश किया है।
dharmpath.com dharmpath