हैम्बर्ग (जर्मनी), 3 अगस्त (आईएएनएस)। दो बार के हैवीवेट चैम्पियन मुक्केबाज व्लादिमीर क्लिश्को ने गुरुवार को खेल जगत से संन्यास की घोषणा कर दी।
क्लिश्को पिछले 21 साल से सफल मुक्केबाजी करियर से जुड़े हुए थे।
‘स्काई स्पोर्ट्स’ को दिए एक बयान में यूक्रेन के निवासी क्लिश्को ने कहा, “मैंने कभी इस बारे में सोचा नहीं था कि मेरे मुक्केबाजी का करियर इतना लंबा और सफल रहेगा। मैं इसका शुक्रगुजार हूं। मेरा समर्थन करने वाले सभी लोगों का आभारी हूं। खासकर, परिवार, मेरी टीम और मेरे प्रशंसकों का।”
अपने करियर में क्लिश्को ने 23 खिताब जीते। वह मुक्केबाजी में सबसे अधिक खिताब जीतने वाले मुक्केबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर है। उनसे पहले जोए लुइस हैं, जिन्होंने 25 खिताब जीते थे। इसके बाद लैरी होल्म्स ने 20 और मोहम्मद अली ने 19 खिताब जीते।
क्लिश्को ने कहा, “मैंने वेम्बले स्टेडियम में खेले गए मैच के बाद जान बूझकर अपना फैसला लेने के लिए कुछ सप्ताह का समय लिया।”
उन्होंने कहा, “एक एमेच्योर और एक पेशेवर मुक्केबाज के रूप में मैंने वो सब कुछ हासिल किया, जिसका मैंने सपना देखा था और अब मैं खेल जगत के बाद के अपने करियर की शुरुआथ करना चाहता हूं।”
dharmpath.com dharmpath