टोक्यो, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के उप राष्ट्रपति माइक पेंस मंगलवार को तीन दिवसीय दौरे पर जापान पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ उत्तर कोरिया संकट और द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों पर चर्चा की।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने पेंस से कहा कि उत्तर कोरिया द्वारा उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए सभी विकल्पों को खुला रखने के अमेरिका के रुख का समर्थन करते हैं।
आबे ने पेंस को बताया, “इस मुद्दे से निपटने के लिए राजनयिक एवं शांतिपूर्ण प्रयास जारी रखना महत्वपूर्ण है, लेकिन केवल चर्चा के लिए चर्चा करते रहने का कोई अर्थ नहीं है।”
पेंस ने कहा कि अमेरिका, उत्तर कोरिया के सतत मिसाइल प्रक्षेपणों के संदर्भ में जापान की पेचीदा स्थिति का आकलन करेगा।
पेंस ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप क्षेत्र में दक्षिण कोरिया, जापान, चीन और सभी संबद्ध साझेदारों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं ताकि कोरियाई प्रायद्वीप का निरस्त्रीकरण हो सके और मसले का शांतिपूर्ण समाधान हासिल हो सके।
पेंस ने जापान व अमेरिका के बीच मजबूत सुरक्षा रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा, “हम जापान की तरह एक देश के रूप में हमेशा शांति चाहते हैं लेकिन जैसा कि आप जानते हैं, शांति ताकत से ही आती है।”
एनएचके न्यूज के मुताबिक, पेंस का विमान दोपहर बाद अतसुगी सैन्यअड्डे पर उतरा। वह यहां दक्षिण कोरिया के तीन दिन के दौरे के बाद पहुंचे। पेंस एशिया के दस दिवसीय दौरे पर हैं।
पेंस के जापान आने से पहले जापान सरकार के प्रवक्ता योशीहिदे सुगा ने कहा कि जापान को उम्मीद है कि पेंस के साथ मुलाकात से द्विपक्षीय आर्थिक संबंध मजबूत होंगे और उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल विकास कार्यक्रम से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए नीतियों के समन्वय में मदद मिलेगी।
पेंस बुधवार को योकसुका में जापान के सेल्फ-डिफेंस फोर्सेज सैन्यअड्डे का दौरा करेंगे जहां अमेरिका और जापान ने संयुक्त सैन्याभ्यास किया था और यहीं पर अमेरिकी विमान वाहक यूएसएस रोनाल्ड रीगन को तैनात किया गया था।
पेंस टोक्यो में बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे। वह जापान के बाद इंडोनेशिया और आस्ट्रेलिया के दौरे पर जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath