पेरिस : मास्टरमाइंड की धरपकड़ के लिए तलाशी, 2 मरे (राउंडअप)

पेरिस, 18 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांस की राजधानी पेरिस में पिछले सप्ताह हुए आतंकवादी हमलों के मास्टरमांइड की धरपकड़ के लिए बुधवार को एक अपार्टमेंट में पुलिस का व्यापक तलाशी अभियान खत्म हो गया। इस दौरान एक महिला आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया, जबकि एक अन्य आतंकवादी को पुलिस ने मार गिराया।

फ्रांस के मंत्री बर्नार्ड काजेन्यूव ने पुष्टि की कि तलाशी अभियान खत्म हो चुका है। इस दौरान दो आतंकवादी मारे गए, जबकि सात को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने उन पुलिसकर्मियों के जज्बे को सलाम किया, जिनका पहले कभी इस तरह के मुठभेड़ से सामना नहीं हुआ था।

समाचार चैनल फ्रांस 24 की एक रपट के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि पेरिस आतंकवादी हमले का मुख्य संदिग्ध अब्देलहामिद अबाउद उपनगर सैंट-डेनिस में एक अपार्टमेंट में छिपा हुआ है। इस आधार पर बुधवार तड़के करीब 4.30 बजे इलाके की घेराबंदी की गई, जिसके बाद पूरा इलाका सात धमाकों और भारी गोलीबारी की आवाज से थर्रा उठा।

समाचार पत्र ‘द टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के अनुसार, सैंट डेनिस के स्थानीय निवासी क्रिश्चियन ने फ्रांस के स्थानीय चैनल ‘बीएफएमटीवी’ को बताया कि अपार्टमेंट में गोलीबारी चलने की तेज आवाजें सुनाई दीं। उसके बाद फ्लैट में हुए बम विस्फोट में खिड़कियां ध्वस्त हो गईं और एक गद्दा उड़कर खिड़की के बाहर आ गया।

इस दौरान सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच पुलिकर्मी घायल हो गए।

‘अलजजीरा’ के अनुसार, पेरिस के अभियोजक फ्रांस्वा मोलिंस ने कहा कि एक संदिग्ध को पुलिस के स्नाइपर ने मार गिराया, जबकि दूसरी एक महिला थी, जिसने खुद को उड़ा लिया।

मुख्य संदिग्ध अब्देलहामिद अबाउद (27) पेरिस हमले का मास्टर माइंड माना जा रहा है। हमले में 129 लोग मारे गए, जबकि 350 से अधिक लोग घायल हो गए, जिसकी जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने ली है।

यूरोप 1 रेडियो के मुताबिक पुलिस ने फ्लैट से हथियार, विस्फोटक, आत्मघाती जैकेट व अन्य आतंकवादी हमलों की योजनाओं के दस्तावेज को बरामद किया है।

माना जा रहा है कि छापेमारी के दौरान एक अन्य संदिग्ध सलाह अब्दसलाम भी निशाने पर था।

मीडिया में दिखाए जा रहे एक वीडियो में अबाउद के ट्रक के पीछे बंधे छह शवों को घसीटते हुए उन्हें एक खेत की तरफ ले जाया जा रहा है।

मेल ऑनलाइन ने एक रपट में कहा है कि महिला आत्मघाती हमलावर अबाउद की पत्नी हो सकती है। उसने खुद को उड़ाने से पहले पुलिस पर एके47 राइफल से गोलियां बरसाईं। आत्मघाती हमले में पुलिस का एक कुत्ता मारा गया।

पुलिस ने लगातार पांच घंटे से अधिक समय तक घेरेबंदी जारी रखी। सेंट डेनिस के रू दे ला रिपब्लिका में सड़कों को अवरुद्ध रखा गया।

बीबीसी ने फ्रेंच मीडिया के हवाले से कहा कि तीसरी मंजिल पर फ्लैट में कम से कम पांच लोगों को निशाना बनाया गया।

अपार्टमेंट में छिपे तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक पुरुष व एक महिला को छापेमारी स्थल के निकट गिरफ्तार किया गया।

पेरिस में हो रही मुठभेड़ों के मद्देनजर, बम हमले के डर से अमेरिका से फ्रांस आ रहे एयर फ्रांस के दो विमानों की दिशा में परिवर्तन किया गया। दोनों विमानों ने मंगलवार रात सुरक्षापूर्वक लैंडिंग की।

हमलों की धमकी के मद्देनजर, जर्मनी व नीदरलैंड के बीच मंगलवार को जर्मनी के हानोवर में होनेवाले एक फुटबॉल मैच को रद्द कर दिया गया। हालांकि जांच के दौरान कोई विस्फोटक नहीं पाया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493