पेरिस में सड़कों की सफाई का संकल्प

पेरिस, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। गंदे शहर की छवि सुधारने के लिए फ्रांस प्रशासन ने राजधानी पेरिस में गंदगी फैलाने वालों पर भारी जुर्माना लगाने की तैयारी कर ली है।

समाचार पोर्टल द लोकल की रपट के मुताबिक, पेरिस की सड़कों पर गंदगी के कारण यहां आने वालों के बीच पेरिस की छवि यूरोप की सबसे गंदी राजधानी की बनी हुई है।

अमेरिकी ट्रैवल वेबसाइट, ट्रिप एडवाइजर के सर्वे में यात्रियों ने पेरिस को साफ-सफाई के मामले में सबसे खराब अंक दिए हैं। खबर यह भी है कि पेरिस में रह रहे जापानी पेशेवरों के समूह इससे इतने परेशान हैं कि उन्होंने राजधानी के उद्यानों की सफाई करनी शुरू कर दी है।

पहली अक्टूबर से पेरिस में जो भी गंदगी करते पकड़े जाएंगे उन्हें जुर्माने के रूप में 68 यूरो (75 डॉलर) भरना होगा। यह राशि पिछली जुर्माना राशि 35 यूरो (39 डॉलर) से ठीक दोगुनी है।

गंदगी में सिगरेट के टुकड़े और चीविंग गम जैसे कचरों को शहर की सड़कों पर फेंकना शामिल है।

अंतिम चेतावनी के तौर पर पिछले सप्ताह अधिकारियों ने गंदगी फैलाने वालों पर फर्जी जुर्माना लगाया।

पेरिस के नागरिकों को अपने शहर के प्रति जागरूक करने के लिए, पोस्टर अभियान चलाए जा रहे हैं, जिन पर ‘सफाई कर्मी सफाई करते हैं। हमें फिर गंदा करने से बचना चाहिए’ जैसे नारे लिखे हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493