पेरिस, 29 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांस की राजधानी पेरिस में जलवायु परिवर्तन पर आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए विश्व भर के लगभग 150 नेता रविवार को यहां इकट्ठा हुए हैं।
सम्मेलन के प्रतिनिधियों को लगता है कि 13 नवंबर को पेरिस में हुए आतंकवादी हमलों के बाद से जलवायु समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना बढ़ी है।
बीबीसी की रपट के मुताबिक, पक्षों के सम्मेलन का 21वां सत्र (सीओपी 21) पेरिस में सोमवार से शुरू हो रहा है और यह 11 दिसंबर तक चलेगा।
इस सम्मेलन में जलवायु परिवर्तन पर संभावित नए वैश्विक समझौते के लिए 190 से अधिक देशों के नेता पेरिस में इकट्ठा होंगे, जिसका लक्ष्य मानव गतिविधियों की वजह से उत्पन्न ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कटौती करना है।
इस कार्यक्रम में लगभग 40,000 लोगों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। यह आयोजन 2009 में कोपेनहेगन में हुए सम्मेलन से बहुत व्यापक होगा।
बीबीसी की रपट के मुताबिक, सम्मेलन से पहले फ्रांस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
कुल 8,000 पुलिसकर्मी सीमा रेखाओं की चौकसी पर रहेंगे। पेरिस में सम्मेलन स्थल ले बॉर्गेट पर 2,800 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
पेरिस में दो दिनों के लिए कुछ प्रमुख सड़क मार्ग बंद रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath