ब्रसेल्स, 16 नवंबर (आईएएनएस)। पेरिस में शुक्रवार रात हुए भयानक आतंकवादी हमलों के सिलसिले में वांछित बेल्जियम में जन्मे फ्रेंच नागरिक सलाह अब्दसलाम को ब्रसेल्स में सोमवार को कथित तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया है।
मोलेनबीक में एक अभियान के दौरान 26 वर्षीय सलाह को बेल्जियम स्पेशल फोर्सेज ने जिंदा पकड़ लिया। मोलेनबीक बेल्जियम का एक बेहद गरीब उपनगर है, जहां आतंकवादी साजिशें रचे जाने का इतिहास रहा है।
रपट के मुताबिक, पुलिस ने उसपर नियंत्रण करने के लिए आंसू गैस इस्तेमाल करना चाहा, लेकिन इसके पहले ही उसे हाथ ऊपर उठाए एक इमारत की खिड़की से देखा गया।
बेल्जियम के सरकारी टेलीविजन आरटीबीएफ ने हालांकि कहा कि उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है।
सीएनएन की एक रपट के मुताबिक, सोमवार तड़के से ही मोलेनबीक में छापों का सिलसिला जारी है। लोगों के विरोध के कारण पुलिस को कम से कम दो सड़कों की नाकेबंदी करनी पड़ी।
पेरिस में हुए हमलों के सिलसिले में मोलेनबीक से सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
dharmpath.com dharmpath