पेरिस, 16 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांस में आतंकवाद रोधी इकाइयों ने देशभर में समन्वित छापेमारी कर पेरिस हमले के संबंध में कम से कम नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
अलजजीरा की रपट के अनुसार, कलैस, टूलूज, पेरिस, ज्यूमोंट और ग्रेनोबल में सोमवार तड़के छापे मारे गए। इन स्थानों पर पुलिस ने सड़कें जाम कर दी और शुक्रवार के हमले में संलिप्त संदिग्धों के लिए घरों की तलाशी ली। इस हमले में कम से कम 129 व्यक्ति मारे गए थे और सैकड़ों अन्य घायल हो गए थे।
रपट के अनुसार, लगभग 200 पुलिसकर्मियों ने टूलूज में एक ठिकाने को घेर लिया। एक ठिकाने से गोला-बारूद और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुए।
रपट में कहा गया है कि फ्रांस-बेल्जियम की सीमा पर स्थित ज्यूमोंट में एक मकान पर मारे गए छापे में 20 पुलिस वाहनों का इस्तेमाल किया गया।
फ्रांस के प्रधानमंत्री मैनुएल वेल्स ने इस बात की पुष्टि की है कि ये छापे शुक्रवार के हमले से संबंधित थे और उन्होंने आगाह किया है कि और भी हमलों की साजिश रची जा रही है।
वेल्स ने कहा, “हमें पता चला है कि हमलों की तैयारी चल रही है और अभी भी तैयारी जारी है। हमले की ये तैयारियां सिर्फ फ्रांस के खिलाफ ही नहीं, बल्कि अन्य यूरोपीय देशों के खिलाफ भी हैं।”
dharmpath.com dharmpath