बीर (हिमाचल प्रदेश), 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। पैराग्लाइडिंग विश्व कप-2015 के चौथे प्रतिस्पर्धी दिन बुधवार को कम ऊंचाई वाले बादलों, कमजोर थर्मल और बेलगाम हवाओं के कारण प्रतिभागियों को बेहद मुश्किल चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हालात इतने कठिन रहे कि उड़ान भरने वाले 117 में से सिर्फ 31 पायलट ही निर्धारित टास्क पूरा कर सके।
टास्क पूरा करने करने वालों में 30 पुरुष और एक महिला है। पुरुषों में स्पेन के पायलट जेवी बोनेट डाल्माउ ने सबसे अधिक 1000 अंक बटोरे जबकि महिलाओं में युकी सातो (716) अंक ही टास्क पूरा कर सकीं। भारतीय टीम का कोई पायलट 75.58 किलोमीटर के भीतर निर्धारित टास्क को पूरा नहीं कर सका।
बुधवार के टास्क में तीन सिलिंड्रकल मानोवर्स भी शामिल थे। टास्क तो वैसे ही कठिन था और मौसम ने इसे अधिक से अधिक चुनौतीपूर्ण बना दिया।
मीट निदेशक देबू चौधरी ने कहा कि यह विश्व कप स्तरीय टास्क था, जिसने अच्छे और औसत पायलटों के बीच के अंतर को साबित कर दिया।
मंगलावर को पुरुष पायलटों की सूची में सबसे ऊपर रहे फ्रांस के मेक्सिम पिनोट (974) बुधवार को 11वें स्थान पर रहे।
टास्क पूरा करने वाले 31 पायलटों को छोड़ दें तो बाकी सभी ने 33 से 35 किलोमीटर तक ही निर्धारित लक्ष्यों को छुआ। भारतीय टीम के सदस्य बुध राम ने कहा कि दिन काफी कठिन रहा।
महिलाओं में सातो, पेट्रा स्लीवोवा (548) और अनालेना हिनेस्त्रोजा (278) शीर्ष-3 स्थान पर रहीं लेकिन सातो ही सिर्फ टास्क पूरा कर सकीं।
dharmpath.com dharmpath