प्योंगयांग, 24 नवंबर (आईएएनएस)। प्योंयांग ने समुद्री सीमा के निकट उत्तर-पश्चिमी द्वीप पर सियोल के सैन्य अभ्यास की निंदा करते हुए इसे ‘गीदड़ भभकी’ करार दिया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, नॉर्थ कोरिया नेशनल डिफेंस कमिशन के नीति विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि योनप्योंग द्वीप घटना की पांचवीं वर्षगांठ के मौके पर सैन्य अभ्यास किया गया, जो उत्तर कोरिया साथ टकराव के उद्देश्य से सबसे बड़ा सैन्य उकसावा था।
पांच साल पहले उत्तर कोरिया ने तनावग्रस्त पश्चिमी समुद्री सीमा के निकट योनप्योंग द्वीप पर बमबारी की थी। प्योंगयांग ने कहा कि गोलीबारी उत्तरी सीमा रेखा के निकट दक्षिण कोरिया व अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास के खिलाफ एक उपाय के तहत की गई थी।
दक्षिण कोरिया के सशस्त्र बल ने सोमवार को योनप्योंग व बेंगयोंग द्वीपों पर शाम चार बजे के आसपास (स्थानीय समयानुसार) लगभग 40 मिनट तक अपने के-9 तोपों से अभ्यास किया।
दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, सभी गोले दक्षिण कोरियाई क्षेत्र के सागर में गिरे।
उत्तर कोरिया ने रविवार को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर एक भी गोला उत्तर कोरियाई सीमा के सागर में गिरा, तो वह निर्दयता से इसका जवाब देंगे।
उत्तर कोरिया के प्रवक्ता ने योनप्योंग द्वीप घटना की पांचवीं वर्षगांठ पर दक्षिण कोरियाई अधिकारियों द्वारा एक यादगार सभा आयोजित करने की आलोचना की।
प्रवक्ता ने कहा, “दक्षिण कोरिया के अधिकारियों ने एक बार फिर यह साबित किया कि उत्तर कोरिया के प्रति शत्रुता की नीति में कोई बदलाव नहीं आया है।”
dharmpath.com dharmpath