प्रतिबंध के खिलाफ नागरिक अदालतों में जाएगा रूस

मास्को, 30 जुलाई (आईएएनएस)। अगले महीने से ब्राजील के महानगर रियो डी जेनेरियो में शुरू होने वाले ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने से रूसी खिलाड़ियों पर लगे प्रतिबंध के खिलाफ रूस अब नागरिक अदालतों में अपील करेगा।

इस बात की घोषणा रूस के खेल मंत्री विताली मुतको ने की।

समाचार एजेंसी तास ने मुतको के हवाले से कहा, “हम हमारे सम्मान, गौरव और नैतिक क्षति की रक्षा के लिए नागरिक अदालत में प्रतिबंध के खिलाफ अपील करेंगे।”

विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की स्वतंत्र समिति की रिपोर्ट में बताया गया था कि कमिशन की जांच के बाद रूस में 2012 से 2015 तक कुल 643 खिलाड़ी डोप परिक्षण में असफल पाए गए हैं।

डोप टेस्ट में फेल होने वाले ये रूसी खिलाड़ी ओलम्पिक की 30 स्पर्धाओं से संबंधित हैं। इस कमिशन की अध्यक्षता कनाडा के प्रोफेसर रिचर्ड मैक्लारेन ने की थी। जिसके बाद वाडा ने अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) से रूस के खिलाड़ियों को पांच अगस्त से शुरू होने वाले ओलम्पिक खेलों से प्रतिबंधित करने की अपील की थी।

हालांकि आईओसी ने इस अपील को खारिज कर दिया था और प्रत्येक खेल के महासंघों को रूस के खिलाड़ियों पर फैसला लेने को कहा था।

रूस के खिलाड़ियों को प्रतिबंधित करने वाले महासंघों में अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) भी शामिल है, जिसने रूस के कुल 68 खिलाड़ियों की व्यक्तिगत अपील खारिज कर दी है।

मुतको एक अगस्त को यूनेस्को में डोपिंग पर अपनी रिपोर्ट सौपेंगे जहां वह वाडा के काम पर भी अपनी राय रखेंगे।

उन्होंने कहा, “सोमवार को मैं पेरिस के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां मैं यूनेस्को कमिशन से डोपिंग पर बात करुं गा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493