नई दिल्ली, 10 फरवरी (आईएएनएस)। चालू वित्तवर्ष की अप्रैल से जनवरी तक की अवधि में प्रत्यक्ष कर संग्रह में 10.79 फीसदी की वृद्धि हुई है और यह 5.82 लाख करोड़ रुपये रहा है, जबकि अप्रत्यक्ष कर संग्रह में 23.9 फीसदी वृद्धि हुई है और यह 7.03 लाख करोड़ रुपये रहा है।
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “प्रत्यक्ष कर संग्रह के जनवरी 2017 के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले साल की समान अवधि की तुलना में यह 10.79 फीसदी बढ़कर 5.82 लाख करोड़ रुपये हो गया है।”
बयान में कहा गया है कि जनवरी 2017 तक के संग्रह के साथ ही आम बजट में प्रत्यक्ष कर के लक्ष्य का 68.7 फीसदी पूरा कर लिया गया है।
बयान में आगे कहा गया है कि अप्रैल-जनवरी के दौरान रिफंड के रूप में 1.41 लाख करोड़ रुपये लौटाए गए, जोकि पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 41 फीसदी अधिक है।
वहीं, अप्रत्यक्ष कर संग्रह के बारे में वित्त मंत्रालय के बयान में कहा गया है, “चालू वित्त वर्ष में जनवरी 2017 तक अप्रत्यक्ष कर संग्रह (केंद्रीय उत्पाद शुल्क, सेवा कर और सीमा शुल्क) 7.03 लाख करोड़ रुपये रहा है, जोकि पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 23.9 फीसदी अधिक है।”
जनवरी 2017 तक की अवधि में अप्रत्यक्ष कर संग्रह संशोधित बजटीय लक्ष्य का 82.8 फीसदी तक पूरा कर लिया गया है।
dharmpath.com dharmpath