नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। पेरिस निवासी भारतीय फिल्मकार, पटकथा लेखक और उपन्यासकार विजय सिंह की फिल्म ‘फेयरवेल माइ इंडियन सोल्जर’ (फ्रांसीसी भाषा में ‘मडेमोइसेले फ्रांस प्लेयोर’ शीर्षक वाली फिल्म) का यहां मंगलवार को फ्रांसीसी दूतावास में प्रीमियर किया जाएगा।
स्क्रीनिंग की मेजबानी भारत में फ्रांस के राजदूत एलेक्जेंडर जीगलर करेंगे। फिल्म प्रथम विश्वयुद्ध में लड़ने के लिए फ्रांस और बेल्जियम गए भारतीय जवानों पर आधारित एक डॉक्यू-फिक्शन (वृत्तचित्र और काल्पनिक फिल्म का मेल) है।
सिंह अभिनेत्री पलोमा कोक्वोंट के साथ मिलकर फिल्म की एक प्रस्तुति देंगे, जिसके बाद एक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया जाएगा।
सिंह ने एक बयान में कहा, “यह पहला मौका है जब इस विषय पर ऐसी फिल्म बनाई गई है।”
आक्रमण के खिलाफ फ्रांस का बचाव करने वाले 1,40,000 भारतीय सैनिकों को समर्पित फिल्म का सह-निर्माण ‘सिलुएट फिल्म्स’ और राज्यसभा टेलीविजन ने भारत में फ्रांसीसी दूतावास के सहयोग से किया है।
‘फेयरवेल माइ इंडियन सोल्जर’ में भारतीय जवानों की रोचक कहानी दर्शाने के लिए दुर्लभ संग्रहों, ऐतिहासिक साक्ष्यों, भारतीय युद्ध से जुड़े प्राचीन गीतों और अपने घरों को लिखे गए 600 व्यावहारिक पत्रों का इस्तेमाल किया गया है। उन जवानों में से 10,000 कभी अपनी मातृभूमि नहीं लौट पाए।
कान्स फिल्म समारोह 2016 में स्क्रीनिंग के बाद इस फिल्म को विश्वभर में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोहों में शामिल किए जाने की संभावना है।
dharmpath.com dharmpath